लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे छह खिलाड़ी, तीन गंभीर घायल
युवा तुर्क, अयोध्या/लखनऊ
सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी खिलाड़ी लखनऊ से टेनिस बाॅल क्रिकेट प्रतियोगिता खेलकर देवरिया लौट रहे थे। यह हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। ये सभी खिलाड़ी देवरिया जनपद के मईल और लार क्षेत्र के रहने वाले थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार खिलाड़ी अंदर फंस गए। बताया जा रहा है कि कार की स्पीड काफी ज्यादा थी। सूचना पर यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के बगहा गांव निवासी नित्यानंद प्रजापति (22), बलिया उत्तरी निवासी इरफान अंसारी (20), लार थाना क्षेत्र के चुरिया निवासी अनिकेत सिंह (24) और कोहरा गांव निवासी आनंद यादव (23) के रूप में हुई है। इनके अलावा राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) गंभीर रूप से घायल हो गए, इनका इलाज चल रहा है।
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी पेशेवर क्रिकेट खिलाड़ी थे। लखनऊ में खेलकर वे देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान सभी नींद में थे, इसलिए हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।
घायल जयंतो शर्मा ने बताया, ”हम लोग सो रहे थे। कार की टक्कर हुई तो नींद खुली। देखा तो कार ट्रक में घुसी हुई थी और हमारे साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने हम लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला।”
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा- फौजी का शव लेकर आ रही एंबुलेंस के परखच्चे उड़े, फौजी के बेटे, भाई समेत चार की मौत



