बेल्थरा रोड से मऊ जा रही थी महिला, स्टेशन पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत
युवा तुर्क, मऊ
ट्रेन में सफर के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर एक गर्भवती महिला के लिए मऊ स्टेशन पर रेलकर्मियों की तत्परता राहत का कारण बनी। मदद की गुहार लगते ही रेलकर्मियों ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और व्हीलचेयर से महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाकर उपचार के लिए मऊ जिला महिला अस्पताल भेज दिया। समय पर मिली इस सहायता से महिला के परिजनों ने रेलकर्मियों का आभार जताया।

घटना 15 अगस्त की है। 36 वर्षीय पुनीता अपने पति बैजनाथ के साथ गाड़ी संख्या 15008 कृषक एक्सप्रेस से बेल्थरा रोड से मऊ की यात्रा कर रही थीं।
यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। ट्रेन के मऊ स्टेशन पहुंचने पर महिला और उनके पति ने रेलकर्मियों से सहायता मांगी।

सूचना मिलते ही मऊ स्टेशन पर तैनात मंडल वाणिज्य निरीक्षक सुरजीत सिंह राठौर और मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव सक्रिय हो गए। दोनों रेलकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।
महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें व्हीलचेयर के माध्यम से सुरक्षित रूप से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए मऊ जिला महिला अस्पताल भेजा गया।

पढ़ते रहिए युवा तुर्क: आईटीबीपी के डीआईजी की भीषण सड़क हादसे में मौत
रेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ आपात परिस्थितियों में मानवीय सहायता उपलब्ध कराना भी रेलकर्मियों की प्राथमिकता है।
गर्भवती महिला को समय पर मिली सहायता इसी संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण रही। महिला के परिजनों ने रेलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की गाड़ी से बाइक टकरायी, एक की मौत, साथी रेफर

