एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की उठाई आवाज
युवा तुर्क, मधुबन / मऊ
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को मधुबन विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सपा के निर्देश और इंडिया गठबंधन के आह्वान पर आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को लेकर अपनी मांगें उठाईं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, वोट चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम मधुबन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव (एडवोकेट) ने किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सबसे महत्वपूर्ण है। इसे लेकर उठ रहे सवालों का समाधान जरूरी है।
प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे। जहां आद्याशंकर यादव समेत कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।


