जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती पर जदयू प्रदेश कार्यालय लखनऊ में मनाया गया ,गोष्ठी का आयोजन
युवा तुर्क, लखनऊ
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में आज भारत के पूर्व रक्षा मंत्री, प्रख्यात समाजवादी नेता, श्रमिक आंदोलनों के अग्रणी योद्धा तथा पद्म विभूषण जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने अपने संदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस के जुझारूपन, संगठन क्षमता तथा सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत में उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई |
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित गोष्ठी का विषय “जॉर्ज फर्नांडिस की समाजवादी विरासत, लोकतंत्र और 2026 का भारत” रहा। गोष्ठी में वक्ताओं ने जॉर्ज फर्नांडिस के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके समाजवादी चिंतन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता तथा सामाजिक न्याय के लिए किए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
गोष्ठी के मुख्य वक्ताओं में प्रोफेसर के. के. त्रिपाठी, भैया हरिशंकर पटेल, हरिकिशोर उत्तम, मनीष नंदन, कुंवर अजय सिंह, संजय धनगर , पी. डी. मोटवानी ,ओमप्रकाश वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इसके अतिरिक्त कला एवं फिल्म जगत से अभिनव श्रीवास्तव, समाजसेवी काजी रहमान, कमला प्रसाद पटेल, फूल चंद्र आर्य, शंभू नाथ, दीपक कुमार गुप्ता, रवि कुमार पटेल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रोफेसर के. के. त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक और राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए जॉर्ज फर्नांडिस के समाजवादी मूल्यों, लोकतांत्रिक चेतना और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रासंगिकता वर्ष 2026 में और अधिक बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस का जीवन संघर्ष, साहस और जनहित के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. जितेंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम का संयोजन प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष नंदन द्वारा किया गया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: प्रदेश में हो रहा है दलित-पिछड़ों व मुसलमानों का फर्जी एनकाउंटर



