ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेश

कुंवर बासित अली के स्वागत में जुटी भीड़, मुसलमानों को साधने की रणनीति

दानिश आजाद ने सपा की वोट बैंक की राजनीति पर साधा निशाना

युवा तुर्क, लखनऊ

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली के लखनऊ पहुंचने पर रविवार को राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। कार्यक्रम को भाजपा की ओर से मुस्लिम समाज के बीच बढ़ते राजनीतिक संपर्क और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। इस दौरान दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी की कथित ‘वोट बैंक की राजनीति’ पर जमकर निशाना साधा।

बीजेपी
कुंवर बासित अली का स्वागत, बीजेपी

स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और उत्साह के बीच भाजपा नेताओं ने मुस्लिम समाज को लेकर पार्टी की राजनीतिक रणनीति को सामने रखा। दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी वर्ग का वोट किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज का युवा अब केवल राजनीतिक नारों के आधार पर नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा, विकास और सम्मान जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दे रहा है।

UP BJP
कुंवर बासित अली का स्वागत, बीजेपी

राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के विकास के लिए काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से बड़ी संख्या में मुस्लिम युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं।

दानिश आजाद अंसारी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक मुस्लिम समाज को अपना स्थायी वोट बैंक समझकर राजनीति करने वाले दलों को अब बदलते राजनीतिक माहौल को समझना होगा। उन्होंने कहा कि आज मुस्लिम समाज के लोग भी अपनी राजनीतिक पसंद और भागीदारी को लेकर स्वतंत्र रूप से निर्णय ले रहे हैं।

वहीं, कुंवर बासित अली के स्वागत में जुटी भीड़ को भाजपा नेताओं ने पार्टी के प्रति अल्पसंख्यक समाज में बढ़ते समर्थन का संकेत बताया। समारोह में कार्यकर्ताओं ने नेताओं का स्वागत किया और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर उत्साह जताया।

राजनीतिक जानकारों की नजर में यह कार्यक्रम महज स्वागत समारोह तक सीमित नहीं है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा की ओर से अल्पसंख्यक समाज के बीच संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और राजनीतिक संवाद मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी इसे देखा जा रहा है।

Related posts

वेतन बढ़ा तो सफाई कर्मियों के चेहरे खिले

Baliram Singh

तीन तलाक और एसिड पीड़िताओं को मिलेगा आवास योजना का लाभ

Baliram Singh

नेपाल चुनाव: आज से 72 घंटे सोनौली बार्डर सील

Baliram Singh