जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था गरीब परिवार
केके वर्मा, लखनऊ
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या के विकासखंड बीकापुर के खजुराहट निवासी अर्पिता पाण्डेय के अपने बच्चों सहित जर्जर कच्चे मकान में रहने की जानकारी मिलते ही अयोध्या के डीएम एवं मुख्य विकास अधिकारी को परिवार को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
डिप्टी सीएम ने निर्देश दिया कि परिवार की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई मे देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों द्वारा अर्पिता पाण्डेय का मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत किया गया। अर्पिता पाण्डेय एवं उनके परिवार को शौचालय सहित अन्य पात्रता आधारित एवं अनुमन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाए। इससे पूर्व भी अमेठी में 70 वर्षीय विधावती के कच्चे माकन गिरने की जानकारी मिलते ही श्री मौर्य ने उनसे फोन पर बात की और तुरंत मदद के लिए अधिकारीयों को उनके पास भेजा था।

बता दे कि अयोध्या निवासी अर्पिता पांडेय की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। तीन बच्चों के साथ जर्जर मकान में कष्टमय जीवन गुजार रही हैं। बच्चों के भोजन के लिए भी अर्पिता के पास पैसे नहीं हैं। एक पत्रकार द्वारा अर्पिता पांडेय का लिए गए इंटरव्यू के बाद वीडियो वायरल हुई। इस घटना की जानकारी डिप्टी सीएम तक पहुँची तो उन्होंने तुरंत घटना का संज्ञान लिया।




