कमला नेहरू कॉलेज को मिला वंदे मातरम् अकादमिक भवन
छात्राओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता: रेखा गुप्ता
राजेश तिवारी, नई दिल्ली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कमला नेहरू कॉलेज परिसर में वंदे मातरम अकादमिक भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने छात्राओं के कॉलेज आने की व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए दो नए रूट पर यू स्पेशल बसों को झंडी दिखाते हुए कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक ढांचे को मज़बूत करना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री कमला नेहरू कॉलेज में आयोजित कॉलेज दिवस समारोह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थी ।

इस मौके पर गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर विजिता सिंह अग्रवाल, डीयू के दक्षिणी कैंपस की निदेशक प्रोफेसर रजनी अब्बी, समेत गणमान्य लोग मौजूद थे । विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली छात्राओं को समारोह में सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज केवल डिग्री हांसिल करने का मंच नहीं, बल्कि जीवन की दिशा में नेतृत्व गढ़ने का मंत्र है । मुख्यमंत्री ने दो नए रूट पर यू स्पेशल बसों को हरी झण्डी दिखाते हुए कहा कि ऐ यू स्पेशल बसें कमला नेहरू कॉलेज और गार्गी कॉलेज आने जाने वाली छात्राओं को मेट्रो स्टेशन, लक्ष्मीनगर और ग्रीन पार्क से सीधी कनेक्टिविटी देंगी । ऐ दोनों बसों 30 मिनट के अंतराल पर छात्राओं को उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कमला नेहरू कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कॉलेज का यात्रा गौरव उपलब्धियों से भरा है। 400 छात्राओं से शुरू हुए इस कॉलेज में आज 4,000 से अधिक छात्राएं हैं। यह उपलब्धि कॉलेज प्रशासन, प्राचार्य और शिक्षकों की निरंतर मेहनत का परिणाम है । नया वंदे मातरम अकादमिक भवन कॉलेज की शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन की यात्रा दिल्ली विश्वविद्यालय से ही शुरू हुई । कॉलेज के दिनों में विद्यार्थियों की समस्याओं को समझने, सहायता करने, छोटी छोटी ज़िम्मेदारियाँ निभाने से ही नेतृत्व की भावना विकसित होती है । उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा और रुचि को विकसित करने का अवसर देते हैं । मुख्यमंत्री ने भरोसा जताते हुए कहा कि कमला नेहरू कॉलेज जैसी संस्थाएं छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ कुशल नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और समाज में सार्थक योगदान के लिए प्रोत्साहित करतीं हैं।

