हाईटेंशन तार के नीचे स्कूल निर्माण की कैसे दी गई मंजूरी?
लौकी तोड़ने के लिए छात्र को छत पर भेजने का आरोप
युवा तुर्क, बलिया
विद्या का मंदिर बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान माना जाता है, लेकिन गड़वार क्षेत्र के कनैला गांव में एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने विद्यालय भवन के निर्माण से लेकर बच्चों की सुरक्षा तक पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा हरिजन बस्ती में सोमवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय छात्र अरशद अहमद की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीणों के मुताबिक, विद्यालय के ऊपर से गुजर रहा हाईटेंशन तार करीब 40 साल पुराना है, जबकि उसके नीचे विद्यालय भवन का निर्माण लगभग छह साल पहले कराया गया था। ऐसे में सवाल है कि निर्माण के समय बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस बड़े खतरे को नजरअंदाज किसने किया?
विसुकिया निवासी मो. इजहार अहमद का पुत्र अरशद कक्षा चार का छात्र था। सोमवार सुबह वह रोज की तरह पढ़ने विद्यालय गया था। आरोप है कि मध्याह्न भोजन के लिए लौकी तोड़ने के उद्देश्य से शिक्षक ने उसे विद्यालय की छत पर भेजा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में चीख-पुकार मच गई।
मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने अधिकारियों को मौके पर बुलाने और डीएम के आने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस जब शव कब्जे में लेने पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उसे रोक दिया। सूचना पर एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, सीओ सिटी सतीश शर्मा, बीएसए मनीष कुमार सिंह और बिजली विभाग के एसडीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दो शिक्षक निलंबित, शिक्षामित्र की सेवा समाप्ति की संस्तुति
प्रकरण में बीएसए मनीष कुमार सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर और सहायक अध्यापक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, शिक्षामित्र दीपचन्द राम की सेवा समाप्त करने के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र लिखा गया है। एसडीएम ने विद्यालय प्रबंधन की गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

क्यों दी गई निर्माण की अनुमति:
इस हादसे ने केवल विद्यालय के शिक्षकों की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि भवन निर्माण की प्रक्रिया और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब हाईटेंशन तार पहले से मौजूद था तो उसके नीचे विद्यालय भवन बनाने की अनुमति कैसे मिली? क्या निर्माण से पहले बिजली विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र लिया गया था? क्या तकनीकी मानकों के अनुसार तार और भवन के बीच सुरक्षित दूरी सुनिश्चित की गई थी?

अब जरूरत केवल शिक्षकों पर कार्रवाई तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि विद्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति, तकनीकी जांच, संबंधित विभागों की अनुमति और हाईटेंशन लाइन की स्थिति की भी निष्पक्ष जांच कराने की है। आखिर छह साल पहले बने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा के इस गंभीर खतरे को किसी ने क्यों नहीं पहचाना? अरशद की मौत के बाद यह सवाल पूरे तंत्र की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: उत्तर रेलवे का बड़ा फैसला, 45 ट्रेनों के समय में बदलाव

