वृंदावन टूर से लौट रहे थे सिराथू के छात्र, टॉयलेट के लिए चालक ने रोकी थी बस
युवा तुर्क, कन्नौज/लखनऊ
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर सड़क किनारे खड़ी बस दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसमें चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई और 35 छात्र घायल हो गए।
मंगलवार सुबह ठठिया थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 209.9 के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। मथुरा-वृंदावन से शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक कर लौट रही छात्रों से भरी स्कूली बस को पीछे से आ रहे आलू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण के लिए मथुरा और वृंदावन गए थे। मंगलवार सुबह करीब 50 छात्र-छात्राओं और छह शिक्षकों को लेकर बस कौशांबी लौट रही थी। रास्ते में ठठिया थाना क्षेत्र के पास चालक ने टॉयलेट के लिए बस को रोक दिया। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी वजह से बस में सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर से भिड़ी बस, तीन की मौत, 12 घायल


