पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में सूबेदार के इकलौते बेटे, भाई, सभासद सहित चार लोगों की हुई थी दर्दनाक मौत
युवा तुर्क, रुद्रपुर/देवरिया
चंडीगढ़ से सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर आ रही एंबुलेंस के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में सूबेदार के इकलौते बेटे गौरव, भाई रामसमुझ और रुद्रपुर सभासद राजन चौधरी के शव सोमवार सुबह रुद्रपुर के गहिला दुधैला गांव पहुंचे तो क्षेत्र में कोहराम मच गया। रुद्रपुर के बथुआ नदी स्थित बैकुंठ धाम पर एक साथ चार चिताओं को मुखाग्नि दी गई। इस दौरान वहां पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य और रुद्रपुर के सभासद राजन चौधरी की दर्दनाक मौत से क्षेत्रवासी मर्माहत हैं। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। गांव में शव पहुंचते ही परिजन बदहवास हो गए। हर ग्रामवासी की आंखें नम थीं।
उधर, हादसे में जान गंवाने वाले सभासद राजन चौधरी का पार्थिव शरीर भी एंबुलेंस से रुद्रपुर के भरटोला स्थित उनके घर पहुंचा। उनके अंतिम दर्शन के लिए नगर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल बेहद मार्मिक हो गया।
गहिला दुधैला से सूबेदार सत्यवान सिंह, उनके बेटे गौरव और भाई रामसमुझ की शव यात्रा निकली तो लगभग तीन किलोमीटर लंबी शव यात्रा में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी पहुंच गए। क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

रुद्रपुर के बथुआ नदी स्थित बैकुंठ धाम में एक साथ चार चिताएं सजाई गईं। जब एक साथ चारों चिताओं को मुखाग्नि दी गई तो वहां मौजूद लोगों की आंखें छलक उठीं। सेना के जवानों ने सूबेदार सत्यवान सिंह समेत मृतकों को अंतिम सलामी दी।
उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने इस हादसा पर शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इस मौके पर एमएलसी रतन पाल सिंह, विधायक जयप्रकाश निषाद, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष छट्ठेलाल निगम, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।



