डीएम ने अधिकारियों को भी विशेष अवसरों पर छात्रों के साथ खुशियां साझा करने के लिए किया प्रेरित
युवा तुर्क, सोनभद्र
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपना जन्मदिन आज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच मनाया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर आरुषि मिश्रा भी उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की तथा उनके साथ भोजन भी ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और समाज एवं देश के विकास में किस प्रकार अपना योगदान देना चाहती हैं। छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने एवं अपने निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ आगे बढ़ें।

उन्होंने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, प्रशासन, खेल, तकनीक, सेना सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। छात्राएं अपनी क्षमता और प्रतिभा को पहचानते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर जनपद के अधिकारियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन के विशेष एवं खुशी के अवसरों को विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों एवं अन्य बाल संस्थानों में जाकर बच्चों के साथ साझा किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा बच्चों के बीच जाकर उनके साथ समय बिताने, संवाद करने और खुशियां साझा करने से बच्चों में अपनत्व, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के जीवन में खुशी के विशेष क्षण पैदा करते हैं और उन्हें यह एहसास कराते हैं कि समाज के जिम्मेदार लोग भी उनके साथ खड़े हैं। इससे बच्चों के भीतर नई ऊर्जा, उत्साह एवं आगे बढ़ने की प्रेरणा जागृत होगी।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल माध्यम से छात्राओं को दी जा रही शिक्षा का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को और अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। छात्राओं को डिजिटल शिक्षा का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाए।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: सीएम योगी से मिले सोनभद्र के डीएम व कप्तान, विकास कार्यों की दी जानकारी
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में आने-जाने के मार्ग, छात्राओं के पठन-पाठन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जो भी आवश्यकताएं हैं, उनका तत्काल आंकलन कर प्रस्ताव/मांग पत्र प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने छात्राओं से भोजन के संबंध में फीडबैक भी लिया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: रेलकर्मियों की तत्परता से गर्भवती महिला को मिली समय पर चिकित्सा सहायता


