एसआई निलंबित, छह पर हत्या का मुकदमा
युवा तुर्क, बलिया
बलिया जनपद के रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट गांव में एक युवक की मौत ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत में बेरहमी से पिटाई की वजह से युवक की मौत हुई। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा और आक्रोशित ग्रामीणों ने रेवती- बलिया मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सब-इंस्पेक्टर और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है, जबकि ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार गायघाट निवासी 42 वर्षीय कामजी गोंड राजमिस्त्री का कार्य करते थे। सात जुलाई को उनके बेटे विशाल का मीट की दुकान पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इस विवाद के बाद शिकायत के आधार पर आठ जुलाई को रेवती थाने के एसआई सचिन सरोज और कॉन्स्टेबल अंकित सिंह कामजी को घर से थाने ले गए। परिजनों का आरोप है कि थाने में उनकी बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में छोड़ दिया गया।
परिजनों का यह भी आरोप है कि शाम के समय कामजी को दोबारा ईंट भट्ठे की ओर ले जाकर मारपीट की गई। कुछ देर बाद वह गांव के पास एक बगीचे में बेहोशी की हालत में पड़े मिले। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती, फिर जिला अस्पताल और वहां से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां 10 जुलाई की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शनिवार देर शाम शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने रेवती- बलिया मुख्य मार्ग जाम कर दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा, एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्ता, सीओ मंजरी राव सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में जाम समाप्त हुआ।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ग्राम प्रधान आशुतोष शंकर सिंह, एसआई सचिन सरोज, सिपाही अंकित सिंह, संतोष, सूरज समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


