खोदकर पूरा रास्ता कर दिया गया है बर्बाद
15000 की आबादी वाला गांव दूषित पानी पीने को है मजबूर
युवा तुर्क, हंडिया/ प्रयागराज
युवा तुर्क, हंडिया/ प्रयागराज
प्रयागराज जनपद के हंडिया तहसील के ग्राम सभा जलालपुर कस्बा में 3 साल से पानी की टंकी का निर्माण किया जा रहा है। अब तक सिर्फ ढांचा ही खड़ा हुआ है। करोड़ों रुपए के प्रोजेक्ट में अभी तक ग्रामीणों को एक लोटा पानी नसीब नहीं हुआ है। हां, इतना जरूर हुआ है कि पाइप बिछाने के नाम पर पूरा गांव का रास्ता खोदकर बर्बाद कर दिया गया है।

सैदाबाद ब्लॉक का जलालपुर कस्बा ग्राम सभा में पिछड़ी जाति और मुस्लिम बाहुल्य गांव है। दलित भी इस गांव में है। इस ग्राम सभा में सालेपुर और बबुआपुर दो मजरे हैं। इस ग्राम सभा में लगभग 6000 मतदाता हैं। ग्राम सभा की जनसंख्या लगभग 15000 से अधिक की बताई जा रही है।

इस ग्राम सभा में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए हर घर नल योजना के तहत सबसे बड़ी पानी की टंकी निर्माण का प्रस्ताव हुआ। ऐतिहासिक महनाई डीह के बगल 2023 से पानी की टंकी का निर्माण शुरू किया गया है। देखा जाए तो अब तक सिर्फ पानी की टंकी का ढांचा ही बनकर तैयार हुआ है।

कछुआ चाल से बन रही पानी की टंकी में भ्रष्टाचार की बू आ रही है। करोड़ों रुपए का प्रोजेक्ट होने के बावजूद इस गांव के वासियों को एक लोटा पानी अभी तक नसीब नहीं हो रहा है। पानी तो दूर की बात इस गांव का पूरा रास्ता हर घर टोटी योजना के तहत खुदाई कर बर्बाद कर दिया गया है।

बुद्धजीवियों के इस गांव में ठेकेदार द्वारा मनमाना कार्य किया जा रहा है। देखा जाए तो लगभग दर्जन भर लोग प्रधानी चुनाव के ताल ठोंक कर अपना बैनर पोस्टर जगह-जगह टांग दिए हैं, लेकिन इस भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई भी बोलने को तैयार नहीं है। गांव के सबसे बड़ी लागत की प्रोजेक्ट की महत्वाकांक्षी योजना में व्यापक पैमाने पर धांधली की बू आ रही है।

ग्राम प्रधान पति इस्तेखार अहमद, पूर्व प्रधान अश्विनी यादव, गांव के ही अपना दल एस नेता अशोक पटेल, सुभाष गुप्ता, अधिवक्ता नरेंद्र केशरी आदि ग्रामीणों ने गांव में कई वर्षों से बन रही पानी की टंकी पूर्ण कराये जाने तथा ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की व्यवस्था किए जाने की डीएम से मांग की गई है।

पढ़ते रहिए युवा तुर्क: ओमप्रकाश राजभर की कटु आलोचक सीमा राजभर को अखिलेश यादव ने दी बड़ी जिम्मेदारी
