घटना में फौजी के इकलौते बेटे सहित चार लोगों की मौत
सीएम योगी व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जताया शोक
युवा तुर्क, रुद्रपुर/देवरिया
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बेतरतीबी से खड़े ट्रक और बसों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं घट रही हैं। इसी लापरवाही की वजह से रविवार सुबह एक फौजी का पूरा परिवार खत्म हो गया। देवरिया के रुद्रपुर निवासी सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शव चंडीगढ़ से लेकर आ रहा एंबुलेंस सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गयाय, जिसमें सूबेदार के इकलौते पुत्र और भतीजा समेत चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना से सूबेदार के गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपना दल एस के नेता अशोक सिंह के परिवार से जुड़े हैं।

अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर में रविवार सुबह 8 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 79.6 किमी पर खड़े ट्रक में एंबुलेंस पीछे से जा घुसी। इस हादसा में सूबेदार का इकलौता बेटा, भाई, रिश्ते का भतीजा और एंबुलेंस चालक की मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। केबिन पूरी तरह पिचक गया। ड्राइवर का शव स्टेयरिंग में फंस गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी काटी और आगे की सीट पर बुरी तरह फंसे दो शवों को बाहर निकाला। पीछे बैठे दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। सूबेदार के शव को हलियापुर थाने में रखवाया गया।
देवरिया के रूद्रपुर के रहने वाले सेना में सूबेदार सत्यवान सिंह मेरठ में तैनात थे। बीमारी के चलते चंडीगढ़ में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। 3 दिन पहले पंचकुला में उनका निधन हो गया।
इसके बाद परिवार से उनके भाई राम समुझ सिंह, रिश्ते के भतीजे राजन चौधरी और बेटा गौरव सिंह शव लेने पंचकुला पहुंचे। शनिवार को शाम 4 बजे तीनों एंबुलेंस से शव लेकर रवाना हुए। जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से पीछे साथ में आने लगे।
हादसे की सूचना पर डीएम इंद्रजीत सिंह और पुलिस कप्तान विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। डीएम को देखते ही मृतक का भतीजा उनके गले लगकर फूट-फूटकर रो पड़ा। डीएम ने उसके कंधे पर हाथ रखकर सांत्वना दी। उधर, हादसे की सूचना के बाद सूबेदार सत्यवान सिंह के परिवार सहित पूरे गांव में मातम मच गया।
इस हादसा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। सीएम ने सुल्तानपुर/देवरिया के अधिकारियों से मृतकों के परिजनों से बात कर उन्हें हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: पद नहीं, चरित्र से बनी पहचान,,,डॉ. रामविलास भारती की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
