धनबाद पब्लिक स्कूल बना ओवरऑल चैंपियन
युवा तुर्क, चकिया
चंदौली जनपद के चकिया कस्बे में चार दिनों तक योग, अनुशासन और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम बने सीबीएसई ईस्ट जोन योगासन चैंपियनशिप 2026-27 का सोमवार को सिल्वर बेल्स स्कूल परिसर में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों के 65 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

इस चैंपियनशिप में बालक एवं बालिका वर्ग की 18 श्रेणियों में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, संतुलन, लचीलापन और समन्वय का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

चैंपियनशिप में ट्रेडिशनल (पारंपरिक), आर्टिस्टिक (कलात्मक) और रिदमिक (लयबद्ध) योगासन की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग में व्यक्तिगत, युगल और समूह स्पर्धाओं के मुकाबले हुए। चार दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद धनबाद पब्लिक स्कूल, धनबाद (झारखंड) ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टेंडर हार्ट स्कूल, रांची उपविजेता रहा, जबकि ग्रिज्ली स्कूल, कोडरमा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विधानसभा के विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। काशी की इस पावन धरती पर आयोजित यह चैंपियनशिप भारतीय संस्कृति, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का प्रेरणादायी संदेश देने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपरा से जोड़ने के साथ स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सिल्वर बेल्स स्कूल के चेयरमैन प्रभात जायसवाल, विद्यालय की निदेशक सुषमा जायसवाल एवं पूरे विद्यालय परिवार को राष्ट्रीय स्तर के इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि योग केवल खेल नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ कला है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं।
समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों, कोचों, मैनेजरों, निर्णायकों तथा अतिथियों को भी विद्यालय परिवार की ओर से स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश चंद्र भगत, असिस्टेंट डायरेक्टर सिद्धार्थ जायसवाल, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वेदांत जायसवाल, प्रधानाचार्या अनुपमा अग्रवाल, सीबीएसई बोर्ड के ऑब्जर्वर अशोक कुमार, कैलाश जायसवाल, आलोक जायसवाल, अशोक कुमार जायसवाल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, कोच, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि चंदौली को उत्कृष्ट खेल आयोजन और मेजबानी के लिए भी नई पहचान दिलाई। चार दिनों तक योग की साधना, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना से सराबोर रहा यह आयोजन प्रतिभागियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।


