कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने लगाया गंभीर आरोप
युवा तुर्क, लखनऊ
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने ‘‘मोदी सरकार’’ पर तीखा हमला बोलते हुये कहा है कि अयोध्या में 124 करोड़ रुपये भगवान श्रीराम के मंदिर के कार्यक्रम में खर्च कर दिये गये। जन्मभूमि पर झण्डा फहराने पर 10 करोड़ रुपये और पण्डाल लगाने के नाम पर 114 करोड़ रुपये खर्च किये गये, ये खुली लूट है, और जनता के पैसे की डकैती है, जिस तरह से इन कार्यक्रमों में इतनी बड़ी धनराशि खर्च की गयी है, वह समझ से परे है. इसमें सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती है.

सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि भगवान श्रीराम के दरबार में जो लूट की गयी है, और भगवान श्रीराम के भक्तों के साथ विश्वासघात किया गया है उसके लिये भा.ज.पा. सरकार को सजा देने के लिये जनता को और भगवान श्रीराम के भक्तों को तैयार रहना चाहिए. धर्म के नाम पर भगवान श्रीराम के नाम पर जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, और खुलेआम धन की लूट की जा रही है.
श्री तिवारी ने कहा है वर्ष 1980 से मैंने इस आन्दोलन को बहुत करीब से देखा है और पर्यटन मन्त्री के रूप में श्रीराम की पैड़ी बनाने में, श्रीराम कथा पार्क बनाने में मेरा योगदान रहा है। आज मैं सब कुछ लुटते हुये देख रहा हूँ। जो इंसान के साथ धोखा करता है उसे भगवान माफ कर सकते हैं लेकिन जो स्वयं भगवान श्रीराम के साथ पाप कर रहा है, धोखा करता हे उसे दुनिया में कोई नहीं माफ कर सकता है.


