संतोष साहनी, सोनभद्र
नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को सोनभद्र पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को रेलवे और भारतीय खाद्य निगम यानी एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र थमाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अब तक उत्तर प्रदेश में 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है। मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ऋषभ रुणवाल ने बताया कि रायपुर थाना क्षेत्र पुलिस ने एक जालसाज को गिरफ्तार किया है, देवरिया निवासी दयानंद शर्मा ने पुलिस से शिकायत की थी कि मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने एफसीआई में असिस्टेंट AG-III के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपये मांगे थे। आरोप है कि अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के जरिए 8 लाख 14 हजार रुपये वसूल लिए गए। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से तैयार फर्जी एडमिट कार्ड और नियुक्ति पत्र भी दे दिया गया। जब पीड़ित को दस्तावेजों के फर्जी होने का शक हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। 27 नवंबर की सुबह करीब 7 बजकर 40 मिनट पर बुढ़िवार पुलिया के पास से पुलिस ने वांछित अभियुक्त मनोज कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर रेलवे और एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में लोगों को ठगी का शिकार बनाने की बात सामने आई है। अब तक 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की जानकारी मिली है। गिरफ्तार मनोज कुमार पाण्डेय थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ सोनभद्र और देवरिया में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज रही है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
