ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
देशबिहार

देश की पहली डिजिटल रेल कूपन व्यवस्था वाली विधानसभा बनेगी बिहार विधानसभा 

पटना

60 दिनों में लागू होगी नई व्यवस्था, विधायक और पूर्व विधायक घर बैठे बुक करा सकेंगे रेल टिकट

युवा तुर्क, पटना/नई दिल्ली

बिहार विधान सभा जल्द ही देश की पहली ऐसी विधानसभा बनने जा रही है, जहां जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व सदस्यों के लिए रेल कूपन व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल होगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें टिकट लेने के लिए रेलवे काउंटर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे आईआरसीटीसी (IRCTC) के पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से देश के किसी भी स्थान से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।

इस संबंध में बुधवार को बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में विधानसभा सचिवालय, संसदीय कार्य विभाग तथा पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि बिहार विधान सभा इस अभिनव व्यवस्था को लागू करने वाली देश की पहली विधानसभा होगी। विधानसभा से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही आईआरसीटीसी आवश्यक सॉफ्टवेयर एवं मोबाइल ऐप विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर देगा।

अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐप के विकास से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं। उन्होंने विधानसभा सचिवालय एवं रेलवे के बीच समन्वय स्थापित कर 60 दिनों के भीतर इस डिजिटल व्यवस्था को लागू करने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही, परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विधानसभा सचिवालय की ओर से एक नोडल पदाधिकारी नामित करने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण से जनप्रतनिधियों एवं पूर्व सदस्यों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध होगी।

साथ ही, पूरी प्रक्रिया अधिक दक्ष बनेगी और सरकारी राजस्व की भी बचत होगी। नई व्यवस्था के प्रारंभिक चरण में सदस्यों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्तमान रेल कूपन व्यवस्था भी समानांतर रूप से जारी रहेगी।

बैठक में पटना से खुलने तथा होकर गुजरने वाली विभिन्न रेलगाड़ियों में प्रतिनिधियों एवं पूर्व सदस्यों के लिए उपलब्ध आरक्षण कोटा की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान कोटा बढ़ाने तथा जिन रेलगाड़ियों में अभी यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनमें भी आवश्यक आरक्षण कोटा उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाए।

बैठक में संसदीय कार्य विभाग के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू, पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक दिलीप कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अजय तिवारी, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक संतोष कुमार तथा बिहार विधान सभा सचिवालय के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

पढ़ते रहिए युवा तुर्क: बिहार में 75 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक अब घर बैठे करा सकेंगे रजिस्ट्री

Dr Anil Gangwar
डॉ अनिल गंगवार, गस्ट्रोलॉजिस्ट

Related posts

प्रदेशवासियों को गोबर गैस के उपयोग हेतु किया जाएगा प्रोत्साहित

Baliram Singh

उपेंद्र कुशवाहा ने प्रमोद कुुमार सुमन व वीरेंद्र दांगी को दी अहम जिम्मेदारी

Baliram Singh

लखनऊ में एनीमेशन कोचिंग सेंटर में भयंकर आग, 15 की मौत

Baliram Singh