40 नए आयुष्मान आरोग्य केंद्र तैयार, फीता कटने का इंतज़ार
राजेश तिवारी, नई दिल्ली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए जल्द ही स्वास्थ्य सेक्टर में नयी सुविधाएं शुरू करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। यह जानकारी उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करने के बाद दी है। उन्होंने बताया कि सिरसपुर और हस्तशिल्प में निर्माणाधीन दो बड़े अस्पताल अगले साल शुरू हो जाएंगे । इन दोनों अस्पतालों की क्षमता 1816 बेड की होगी । पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 102वीं जयंती पर उनकी सरकार 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करेगी । जिससे ज़रूरतमंदों को घर के पास ही स्वास्थ्य की सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ लंबित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने लंबित योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए । बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह समेत विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बैठक शुरू होते ही सरकार की मंशा को स्पष्ट करते हुए कहा कि ज़रूरतमंदों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी ज़रूरतमंद इलाज के अभाव् इधर उधर ना भटके। इसके साथ ही डॉक्टर और स्टाफ पर्याप्त मात्रा में अस्पतालों में उपलब्ध हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिरसपुर में 1164 बेड का अस्पताल तैयार है ।
हस्पसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है । चिकित्सा उपकरणों की ख़रीद का काम चल रहा है। दोनों अस्पताल अगले साल शुरू हो जाएंगे । इससे अन्य अस्पतालों पर रोगियों का दबाव कम होगा । सरकार का राजधानी में 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करने का लक्ष्य है । इसमें 415 आयुष्मान आरोग्य मंदिर चल रहे हैं। अगले महीने 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और शुरू करने का लक्ष्य है ।
2028 तक मादीपुर और ज्वालापुरी में अस्पताल शुरू करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि मादीपुर और ज्वालापुरी में 691-691 बेड के अस्पताल निर्माणाधीन हैं । 2038 तक शुरू करने का लक्ष्य है । मादीपुर के निर्माणाधीन अस्पताल की लागत 466.50 करोड़ और ज्वालापुरी के अस्पताल की लागत 484.04 करोड़ है । इन अस्पतालों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की योजना है । रोहिणी में बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ ब्लॉक विकसित किया जा रहा है । अस्पताल में ओपीडी ब्लॉक तैयार है । राव तुलाराम मेमोरियल अस्पताल में 270 बेड का और लाल बहादुर शास्त्री खिचड़ी पुर में 460 बेड का मातृ शिशु ब्लॉक तैयार है। मुख्यमंत्री ने बताया कि एनएनजेपी , मौलाना आज़ाद एवं यमुनापार के अस्पतालों को भी विकसित करने की योजना है । 30 महीने में निर्माण कार्य पूरा करने की योजना है । यमुना पार के अन्य अस्पतालों को एक साझा ढांचे में लाने की योजना है । उन्होंने बताया कि मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में 150/150 सीट मेडिकल की पढ़ाई के लिए विकसित करने की योजना है । स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सभी निर्माणाधीन योजनाएं निर्धारित लक्ष्य के साथ चल रहीं हैं।

