भागीरथी मौर्य के खिलाफ सोनभद्र और मीरजापुर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज
संतोष साहनी, सोनभद्र
सिटी म्युचुअल बैंक के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले के आरोपी भागीरथी मौर्य की करीब 28 लाख 10 हजार रुपये कीमत की अचल संपत्ति कुर्क की गई है।

न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के साथ ही आरोपी की अब तक करीब 1 करोड़ 59 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। पिपरी पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, मामला सोनभद्र में सिटी म्युचुअल बैंक के नाम पर निवेशकों से कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। आरोप है कि भागीरथी मौर्य ने अधिक लाभ और भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराए। लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं की गई। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा कथित तौर पर अपराध से अर्जित धनराशि से अचल संपत्तियां खरीदने की जानकारी सामने आई। अक्टूबर 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सोनभद्र के 21 सितंबर 2026 के आदेश के अनुपालन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत कार्रवाई की गई।, मौजा लोढ़ी, परगना बड़हर, तहसील रॉबर्ट्सगंज में स्थित आराजी संख्या 39 की 190 वर्ग मीटर जमीन पर बने आरसीसी भवन और बोरवेल को कुर्क किया गया। इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 28 लाख 9 हजार 650 रुपये बताई गई है। इससे पहले 21 जुलाई 2026 को भी न्यायालय के आदेश पर आरोपी की करीब 1 करोड़ 31 लाख 25 हजार रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की गई थी। इसमें मुर्धवा स्थित जमीन और मकान के साथ मौजा कटौधी की संपत्ति शामिल थी।

पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में कुर्क की गई संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 59 लाख 34 हजार 926 रुपये हो गया है। भागीरथी मौर्य के खिलाफ सोनभद्र और मीरजापुर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
ताजा कार्रवाई के दौरान न्यायिक अधिकारी, क्षेत्राधिकारी पिपरी, थाना पिपरी के प्रभारी निरीक्षक और रेनुकूट चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम मौजूद रही। अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, सिटी म्युचुअल बैंक के नाम पर निवेश के जरिए कथित धोखाधड़ी के इस मामले में निवेशकों की रकम की वापसी को लेकर आगे की कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है।

