ताजा ख़बरें, Hindi News, delhi up news , Breaking Hindi News, Hindi Samachar, Latest Hindi News – yuvaaturk.com
उत्तर प्रदेश

कांग्रेस- सपा के गठबंधन पर लगी अखिलेश यादव की मुहर

2027 में भाजपा को हराएगा इंडिया गठबंधन- अखिलेश यादव

बलिया में रामगोविंद चौधरी की तेरहवीं में पहुंचे सपा प्रमुख, बोले- बलिया में तीन सौ स्कूल बंद

युवा तुर्क, बलिया

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बलिया जनपद के सिकंदरपुर क्षेत्र के गोसाईंपुर गांव पहुंचकर पूर्व मंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे स्व. रामगोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि दी। उनकी तेरहवीं में शामिल होकर अखिलेश ने परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना जताई।

अखिलेश यादव

इसके बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंपने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा।

अखिलेश यादव,

अखिलेश यादव ने स्व. रामगोविंद चौधरी को याद करते हुए कहा कि वह जमीन से जुड़े नेता और बलिया की शान थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों, नौजवानों, गरीबों और मजदूरों के हक की लड़ाई में लगा दिया। पक्ष हो या विपक्ष, सदन में उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाता था। उनके तर्कों का जवाब देना आसान नहीं होता था। उन्होंने कहा कि रामगोविंद चौधरी ने बलिया की माटी से निकलकर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।

राम गोविंद चौधरी

अयोध्या में चढ़ावे के मुद्दे पर सरकार से सवाल

अखिलेश यादव ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे और चंदे में कथित चोरी के मामले को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस कथित आश्वासन पर सवाल उठाया, जिसमें 15 दिन के भीतर मामले की स्थिति स्पष्ट करने की बात कही गई थी। अखिलेश ने कहा कि यदि सरकार को अपनी बात पर भरोसा है, तो मुख्यमंत्री अयोध्या से चुनाव लड़कर देखें। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा।

नाम बदलने और एयरपोर्ट बेचने वाली सरकार को जनता बदलेगी:

सपा प्रमुख ने नोएडा एयरपोर्ट के नामकरण और हवाई अड्डों के निजीकरण को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एयरपोर्ट बनाकर उन्हें निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नाम बदलने और एयरपोर्ट बेचने वाली सरकार को जनता बदलने जा रही है। उन्होंने सार्वजनिक संस्थानों और सपा सरकार के कार्यकाल में बनी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपे जाने का आरोप लगाते हुए लखनऊ स्थित जेपीएनआईसी का भी उल्लेख किया।

बलिया में तीन सौ स्कूल बंद:

अखिलेश यादव ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा विरोधी नीतियों पर चल रही है। उनके मुताबिक, प्रदेश में 26 हजार से अधिक और अकेले बलिया में 300 से ज्यादा प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

चुनाव आयोग पर भी लगाए आरोप:

सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फर्जी फॉर्म-7 के जरिए समाजवादी पार्टी के मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने इसके साक्ष्य दिए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन 2027 में भाजपा को हराकर प्रदेश में बड़ी जीत दर्ज करेगा। सीटों की संख्या से अधिक उनकी प्राथमिकता भाजपा को हराना है।

बलिया में लगेगी रामगोविंद चौधरी की प्रतिमा:

अखिलेश यादव ने स्व. रामगोविंद चौधरी की स्मृति में बलिया जिले में उनकी प्रतिमा स्थापित कराने की बात भी कही। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष जासमीर अंसारी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

हॉस्पिटल
DN Surya Hospitals , Belthra Road

Related posts

थरवई में भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में डूब कर मौत

Baliram Singh

मत्स्य क्षेत्र में 30 कंपनियां करेंगी 1400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश 

Baliram Singh

गन्ना राज्य मंत्री के सामने ग्रामीणों ने उठाया बिजली संकट का मुद्दा

Baliram Singh