घोसियारी की बदहाली पर गरजी कांग्रेस, नगर पंचायत की मांग को लेकर हेमन्त चौधरी का धरना
युवा तुर्क, सिद्धार्थनगर
जनपद के बांसी क्षेत्र के घोसियारी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को कांग्रेस नेता हेमन्त चौधरी के नेतृत्व में जोरदार पदयात्रा एवं धरना-प्रदर्शन किया गया। दोपहर दो बजे शुरू हुए आंदोलन में क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की।

पदयात्रा के दौरान सड़क, नाली, जल निकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि घोसियारी बाजार आसपास के दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है, लेकिन बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ते आवागमन के अनुरूप यहां नागरिक सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया है।
धरने को संबोधित करते हुए हेमन्त चौधरी ने कहा कि घोसियारी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा देना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग है। अब इस मांग को केवल कागजों और आश्वासनों तक सीमित नहीं रखा जा सकता।
प्रशासन को नगर पंचायत गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी और बाजार की मौजूदा समस्याओं पर भी तत्काल काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत गठन के लिए आवश्यक सर्वे और प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की जाए तथा प्रस्ताव को शासन स्तर पर भेजकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जब तक नगर पंचायत का गठन नहीं होता, तब तक बाजार में सड़क, नाली, जल निकासी, सफाई, प्रकाश और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
हेमन्त चौधरी ने चेतावनी दी कि जनता की मांग को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि घोसियारी बाजार के विकास और नगर पंचायत के दर्जे की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
पदयात्रा एवं धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि घोसियारी बाजार की समस्याओं का स्थायी समाधान करते हुए नगर पंचायत गठन की दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएं। इस धरने में कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महासचिव सूर्यप्रकाश चौधरी, प्रदेश सचिव राम नेवास, जिलाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग दिनेश, शिवराम, फकरुल हसन, पंकज यादव, अखिलेश भारती, अरविन्द सहित सैकड़ो कार्यकर्ता मौज़ूद रहे।

