कांग्रेस में शामिल होने के बाद सिद्धार्थनगर पहुंचे हेमन्त चौधरे योगी सरकार पर जमकर बरसे
युवा तुर्क, सिद्धार्थनगर
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद हेमन्त चौधरी के सिद्धार्थनगर पहुंचने पर जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब सिद्धार्थनगर की जनता को सिर्फ भाषण नहीं, बल्कि अपने जिले के विकास का हिसाब चाहिए।

हेमन्त चौधरी ने कहा, “आज मुझे गर्व है कि मैंने उस कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है, जिसके झंडे को अंग्रेजी हुकूमत के सामने उठाना भी आजादी की लड़ाई का ऐलान था। उस दौर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लाठियां खाईं, जेल गए और गोलियां तक सहीं, लेकिन अंग्रेजों के सामने सिर नहीं झुकाया। आज उसी विचार और संघर्ष की विरासत को लेकर मैं सिद्धार्थनगर की जनता के बीच आया हूं।”

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए चौधरी ने कहा, 2017 के बाद इस जिले को विकास की प्रयोगशाला बनना चाहिए था, लेकिन जनता आज भी सड़क, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है। सत्ता में बैठे लोगों को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्रियों ने सिद्धार्थनगर को विकास का मॉडल बनाने के बजाय अपने राजनीतिक प्रभाव का मैदान बना दिया। जनता पूछ रही है कि इतने वर्षों की सत्ता के बाद जिले की तस्वीर क्यों नहीं बदली?
वर्ष 2017 के बाद जिले से मंत्री रहे नेताओं पर निशाना साधते हुए चौधरी ने कहा, पहले आबकारी विभाग मिला तो शराब व्यवस्था को लेकर सवाल उठे और बाद में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिली। लेकिन मेरा सवाल सीधा है—अगर इतने बड़े विभागों की जिम्मेदारी मिली थी तो सिद्धार्थनगर की स्वास्थ्य व्यवस्था और आम आदमी की जिंदगी में कितना बदलाव आया?
उन्होंने दावा किया कि सिद्धार्थनगर शराब बिक्री के मामले में प्रदेश में 10वें स्थान पर है। अगर यह आंकड़ा सही है तो सरकार को जनता के सामने इसका जवाब देना चाहिए कि जिस जिले को शिक्षा, रोजगार और उद्योग में आगे बढ़ना चाहिए, वहां शराब की बिक्री को लेकर ऐसी स्थिति क्यों है?
हेमन्त चौधरी ने कहा, सिद्धार्थनगर की जनता कमजोर नहीं है। यह बुद्ध की धरती है, यह संघर्ष और विचार की धरती है। अब जनता अपने अधिकारों के लिए सवाल पूछेगी और सत्ता से जवाब मांगेगी।
उन्होंने भाजपा नेताओं को खुली राजनीतिक चुनौती देते हुए कहा, “अगर सरकार को लगता है कि सिद्धार्थनगर में सब कुछ अच्छा है तो वह जनता के बीच आए और सड़क, अस्पताल, रोजगार, शिक्षा, किसान और विकास के मुद्दों पर खुली बहस करे।“
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को सामने लाएंगे और जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे। इस मौक़े पर जिलाध्यक्ष काज़ी सुहेल, पूर्व सांसद मो मुकीम, दीपक यदुवंशी सहित लगभग सभी कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

