राजकीय पॉलिटेक्निक, नौगवां में वृहद वृक्षारोपण अभियान का सफल आयोजन
युवा तुर्क, रामपुर
उत्तर प्रदेश शासन के “वृहद वृक्षारोपण अभियान” तथा “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक, नौगवां, चमरौआ (रामपुर) में उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राज बहादुर सिंह ने कहा, “वृक्ष मानव जीवन एवं पर्यावरण का आधार हैं।
हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता एवं प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
सामूहिक प्रयासों से हमारा संस्थान शीघ्र ही एक आदर्श ‘ग्रीन कैंपस’ के रूप में स्थापित होगा।”

उन्होंने बताया कि नवीन परिसर में शैक्षणिक गतिविधियाँ प्रारम्भ होने के उपरांत हरित वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से इस अभियान को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इस अवसर पर डॉ. अश्विनी कुमार, विभागाध्यक्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग; पारुल सिंह राठी, प्रवक्ता (अंग्रेज़ी); कपिल गंगवार, प्रवक्ता (गणित); श्वेता सिंह, प्रवक्ता (इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग); इंतिज़ार, प्रवक्ता (भौतिकी); चंद्रशेखर, वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक; चंदन विश्वकर्मा, वरिष्ठ सहायक; प्रदीप कुमार, कनिष्ठ सहायक; इंदु, कनिष्ठ सहायक, पीआरडी जवान तथा अन्य आदरणीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत अपनी माताओं के सम्मान में लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: 12 लाख शिक्षकों व उनके आश्रितों को कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू

