ग्रामीण विद्यार्थियों एवं युवाओं को मिलेगा डिजिटल शिक्षा और ज्ञान का नया मंच
संतोष साहनी, सोनभद्र
सोनभद्र जनपद के 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की दिशा में शासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया है कि इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, युवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है।

डीएम चर्चित गौड़ ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को ई-बुक्स, डिजिटल अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक वीडियो, ऑनलाइन पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री एवं अन्य ज्ञानवर्धक संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम होगी। इस परियोजना से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थी नई तकनीक के साथ जुड़ेंगे और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसा अध्ययन वातावरण तैयार करने की परिकल्पना है, जहां विद्यार्थी शांतिपूर्ण माहौल में अध्ययन कर सकें और इंटरनेट आधारित शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग कर सकें।
इससे डिजिटल शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध कराए जाने वाले संसाधनों का उपयोग विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा भी कर सकेंगे। ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, सामान्य ज्ञान, डिजिटल पुस्तकें और अन्य शैक्षणिक सामग्री युवाओं को अपने लक्ष्य की तैयारी में सहयोग प्रदान करेगी। जनपद सोनभद्र की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, तकनीक और ज्ञान की पहुंच को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: डिप्टी सीएम मौर्य के निर्देश पर अयोध्या की अर्पिता पांडेय को मिला आवास

