भाजपा नेता यशवीर सिंह वर्मा ने स्वर्णकार समाज के हितों व सुरक्षा का मुद्दा उठाया
युवा तुर्क, बेल्थरा रोड
स्वर्णकार समाज के हितों और सुरक्षा से जुड़े सवालों को लेकर बेल्थरा रोड के भाजपा नेता व स्वर्णकार समाज के पूर्व अध्यक्ष यशवीर सिंह वर्मा “रिंकू” ने सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग पारंपरिक रूप से सोने-चांदी के कारोबार से जुड़े हैं, लेकिन वर्तमान समय में इस समाज को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के मोहन मार्केट स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि देशभर में लगभग एक करोड़ से अधिक स्वर्णकार समाज के लोग निवास करते हैं। इनमें से अधिकांश लोग पीढ़ियों से ज्वेलरी के पारंपरिक व्यवसाय के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे हैं, लेकिन बीते कुछ वर्षों में इस समाज के साथ कई अन्यायपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं, जिससे समाज के लोगों में चिंता बढ़ी है।
यशवीर सिंह वर्मा ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि स्वर्णकार समाज की समस्याओं के समाधान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए “सोनार आयोग” का गठन किया जाना चाहिए। साथ ही ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शस्त्र लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि कारोबारी अपनी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त रह सकें।
श्री वर्मा ने कहा कि ऑनलाइन ज्वेलरी बिक्री के कारण छोटे और मझोले दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सरकार को ऑनलाइन बिक्री के नियमों को और सख्त करना चाहिए, जिससे पारंपरिक ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों की आजीविका सुरक्षित रह सके।
इसके अलावा उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 411, 412 व 317 के प्रावधानों में ढील देने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि इन धाराओं में आरोप लगते ही तुरंत गिरफ्तारी की बजाय पहले निष्पक्ष जांच की व्यवस्था होनी चाहिए, उसके बाद ही आवश्यक कार्रवाई की जाए।
पढ़ते रहिए युवा तुर्क: वाराणसी-लखनऊ शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के समय में परिवर्तन


